
हाल ही मे उदयपुर मे आयोजित हुई अंडर 14 छात्र-छात्रा कुश्ती प्रतियोगिता मे मातृशक्ति चौहान की स्वर्णिम सफलता पर उदयपुर कुश्ती खेल जगत में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि को सराहनीय बताते हुए श्री चतुर्भुज हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला के अध्यक्ष वीरम देव सिंह कृष्णावत एवं यदुराज सिंह कृष्णावत ने उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मातृशक्ति के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगी।
कुश्ती कोच हेमंत अठवाल ने बताया की मातृशक्ति की यह जीत सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और बेटियों की खेल प्रतिभा का प्रतीक है। कुश्ती जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में अपनी प्रतिभा साबित कर उन्होंने यह संदेश दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास से सफलता के नए शिखर छुए जा सकते हैं।
श्री चतुर्भुज हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला संचालक कृष सेन ने कहा की उदयपुर के लिए मातृशक्ति चौहान का स्वर्ण पदक गौरव का क्षण है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी की बालिका पहलवानों को आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा देगी
इसी प्रतियोगिता के बालक वर्ग मे व्यायामशाला के प्रतिभाशाली पहलवान नैतिक ओड ने 35 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक प्राप्त कर संस्था और जिले का मान बढ़ाया। वहीं डिग मे आयोजित हुई अंडर-19 बालिका कुश्ती प्रतियोगिता में उदयपुर की होनहार पहलवान माही ओड ने 50 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीतकर जिले को एक और उपलब्धि दिलाई।
तीनों पहलवानों की सफलता से श्री चतुर्भुज हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर वरिष्ठ पहलवान सुन्दर सोलंकी,दिपक मोदी, दिलीप कल्याणा, विक्की पटून, दिपक वसीटा, सुरेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य पहलवान उपस्थित रहे। सभी ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।