Skip to main content

The Rajasthan Voice

Breaking News

जयपुर, 7 अगस्त। मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 13वीं वेस्टर्न रीजनल पुलिस कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में राजस्थान के महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने भाग लिया। बैठक में मध्यप्रदेश, गोवा सहित पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर व्यापक मंथन किया।

बैठक में राजस्थान पुलिस की ओर से महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के साथ अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह, पुलिस महानिरीक्षक के.बी. वंदना तथा चित्तौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह भी शामिल हुए। अधिकारियों ने अंतरराज्यीय समन्वय, साइबर अपराध रोकथाम और आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव साझा किए।

साइबर अपराध, गुमशुदा बच्चे और नारकोटिक्स पर विशेष चर्चा

बैठक के दौरान बड़े धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था, गुमशुदा बच्चों की खोज के नवाचार, साइबर अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति, आपराधिक न्याय प्रणाली में आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा नारकोटिक्स नियंत्रण जैसे अहम विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं। विभिन्न राज्यों के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

राजस्थान पुलिस के नवाचारों की सराहना

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बैठक में राजस्थान पुलिस द्वारा साइबर अपराध नियंत्रण, तकनीक आधारित पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और अंतरराज्यीय समन्वय के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान और आधुनिक तकनीक का उपयोग भविष्य की चुनौतियों से निपटने में अहम भूमिका निभाएगा।

साझा रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर सहमति

बैठक में अंतरराज्यीय अपराधों, संगठित अपराध, साइबर अपराध के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और पुलिस बलों के बीच सहयोग को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा कर उन्हें व्यापक स्तर पर लागू करने पर सहमति बनी।

समापन सत्र में पश्चिमी क्षेत्र में पुलिस समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने, साझा कार्ययोजना तैयार करने तथा आगामी समन्वय बैठक के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *