फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई2379) अचानक 300 फीट नीचे आ गयी, जिससे फ्लाइट में सवार कई यात्री घायल हुए थे, इस पूरे मामले में अब एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस फ्लाइट के मुख्य पायलट का दूसरा डोप टेस्ट (मादक पदार्थ जांच) भी पॉजिटिव पाया गया है।

लैब से आई दूसरी रिपोर्ट में भी पायलट के मारिजुआना (गांजा) के सेवन की पुष्टि हुई है। अब यह बात चर्चा का विषय बन गयी है कि आखिर एक पायलट गांजे का सेवन कर फ्लाइट कैसे उड़ा सकता है।
हालांकि, पायलट की इस कंफर्मेटरी लैब रिपोर्ट और गांजे के सेवन के खुलासे को लेकर एअर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पक्ष जारी नहीं किया गया है। फ्लाइट में टर्बुलेंस की घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों ने भी पायलट के नशे में होने का आरोप लगाया था और उनकी स्थिति पर सवाल उठाए थे।