Skip to main content

The Rajasthan Voice

Breaking News

उदयपुर में आधी रात एक मेडिकल शॉप में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई और अंदर रखा मेडिकल सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मामला उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र का है, जहां राजस्थान हॉस्पिटल रोड स्थित सेक्टर-14 में देर रात करीब 1 बजे सोनम केमिस्ट मेडिकल शॉप में अचानक आग लग गई।
रात के समय सड़क से गुजर रहे लोगों ने मेडिकल शॉप से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती देखीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल गोवर्धन विलास थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मेडिकल शॉप के आसपास कुछ रेस्टोरेंट भी संचालित होते हैं, जिसके चलते स्थानीय लोगों में आग के और फैलने को लेकर चिंता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के बाद दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में समय लगा। दमकल के पहुंचने तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मेडिकल शॉप के अंदर रखा काफी सामान जल चुका था।
घटना के बाद गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल शॉप संचालक से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही आग के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *