सीकर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को सीकर में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग के निरीक्षक मोहित शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जयपुर ACB के अनुसार आरोपी निरीक्षक ने तारानगर स्थित श्रीराम टिम्बर एवं फर्निचर फैक्ट्री का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में चार पूर्तियोग्य कमियां बताई गई थीं। परिवादी द्वारा इन कमियों की पूर्ति करने के बाद भविष्य में अन्य कमियां नहीं निकालने की एवज में आरोपी द्वारा 20 से 30 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान 24 सितंबर को आरोपी ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी, जिसके बाद 25 हजार रुपए में लेने की सहमति बनी। इसके बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। जयपुर नगर तृतीय ACB चौकी की टीम ने की कार्रवाई ACB उपमहानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय जयपुर ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान मोहित शर्मा को परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। ACB अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। ACB ने आमजन से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क करने की अपील की है। ACB ने यह भी बताया कि किसी व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने पर वह सीधे ACB से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है।
