
झुंझुनूं। चिड़ावा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई बिजली विभाग की महिला कनिष्ठ अभियंता (JEN) दीपिका को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। इससे एक दिन पहले सोमवार को ACB ने चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी JEN पर कृषि कनेक्शन की बिजली लाइन शिफ्ट करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। ACB के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके परिचित के कृषि कनेक्शन की बिजली लाइन बदलवाने के लिए JEN दीपिका रिश्वत मांग रही है। शिकायत के सत्यापन में पहले 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में परिवादी के अनुरोध पर रकम 15 हजार रुपए में तय हुई। इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। सोमवार को चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में जैसे ही परिवादी ने तय रकम दी, ACB टीम ने कार्रवाई करते हुए JEN दीपिका को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की 15 हजार रुपए की राशि उसकी ऑफिस टेबल की दराज से बरामद की। कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए चिड़ावा थाने ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला JEN का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह भावुक होकर अपने बच्चों का हवाला देती नजर आ रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान वह ‘गाड़ी में मत बैठाओ, मेरे बच्चे छोटे हैं’ कहते हुए दिखाई दी। हालांकि, ACB की कार्रवाई रिश्वत मांगने और लेने की शिकायत के सत्यापन के बाद की गई थी। ACB अधिकारियों के मुताबिक मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अब कोर्ट में पेशी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है। ACB की जांच में रिश्वत की मांग, लेन-देन और संभावित अन्य संलिप्तता से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।