राजस्थान में बुधवार (19 अगस्त) से बारिश का दौर फिर शुरू होगा। मौसम विभाग ने 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का ये दौर 20 और 21 अगस्त को और तेज होगा।
इससे पहले सोमवार को राजस्थान में मौसम साफ रहा। सभी जिलों में उमस ने लोगों को परेशान किया। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, जालोर, सिरोही, उदयपुर और प्रतापगढ़ के आस-पास बूंदाबांदी हुई।
राजस्थान में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम तापमान माउंट आबू में 22.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर में रात का तापमान 29 डिग्री पर पहुंच गया।

कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदला : मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब तेज होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है।
पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर बना रहेगा : राजस्थान में अगले 2-3 दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के बावजूद पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर बना रहेगा। 19 से 21 अगस्त के बीच भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है।
वहीं 20 से 23 अगस्त के दौरान भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के शेष हिस्सों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है।