
उदयपुर, 16 अक्टूबर। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय), उदयपुर के सामाजिक विज्ञान संकाय की शोधार्थी कामिनी गुर्जर को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने राजनीति विज्ञान विषय के अंतर्गत बाल अधिकार अधिनियम के प्रति महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की जागरूकता, अधिनियम के संदर्भ में उनकी अपेक्षित एवं वास्तविक भूमिका तथा बाल अधिकारों के भारतीय और विदेशी मॉडलों के तुलनात्मक अध्ययन पर शोध कार्य किया है।
कामिनी गुर्जर ने अपना शोध प्रबंध राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. एकता हुसैन के निर्देशन में पूरा किया। उनके शोध में बाल अधिकारों के संरक्षण में विद्यार्थियों की भूमिका, अधिनियम के प्रति उनकी समझ और जागरूकता के साथ ही भारत एवं विदेशों में प्रचलित बाल अधिकारों के मॉडलों का विश्लेषण किया गया। शोध का उद्देश्य बाल अधिकारों के प्रति युवाओं की जागरूकता को समझना और उनके संरक्षण में विद्यार्थियों की भूमिका का आकलन करना रहा।
कामिनी गुर्जर ने बताया कि बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से समझने की दृष्टि से यह शोध महत्वपूर्ण है। उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि पर शुभचिंतकों एवं परिचितों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।