झालावाड़ में अवैध साहूकारों पर पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, 321 किलो चांदी-4 किलो सोना समेत करोड़ों की संपत्ति जब्त

झालावाड़। जिले में वर्षों से गरीबों, किसानों और जरूरतमंद लोगों का आर्थिक शोषण कर रहे अवैध साहूकारों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को जिलेभर में एक साथ कई स्थानों पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37.35 लाख रुपए नकद, कृषि उपकरण, वाहन और बड़ी मात्रा में वित्तीय दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त की गई अधिकांश संपत्ति लोगों द्वारा कर्ज के बदले गिरवी रखी गई थी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य ऊंचे ब्याज पर कर्ज देकर किसानों और गरीब परिवारों की जमीन-जायदाद, आभूषण और कृषि उपकरण हड़पने वाले अवैध साहूकारों के नेटवर्क पर शिकंजा कसना था। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित वृत्ताधिकारियों की निगरानी में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया। कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनोहरथाना, जावर, पिड़ावा, सुनेल और घाटोली थाना क्षेत्रों में कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि बिना वैध लाइसेंस के लोगों को भारी ब्याज पर रकम उधार देकर उनकी संपत्तियां और जेवर गिरवी रखे जा रहे थे। पुलिस ने इस अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इन लोगों के ठिकानों पर हुई कार्रवाई मनोहरथाना थाना क्षेत्र के आंवलहेड़ा निवासी कृष्ण गोपाल, राजाराम, भारत सिंह तथा मनोहरथाना निवासी भप्पा सोनी उर्फ श्रीकिशन के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा जावर थाना क्षेत्र के परमानंद, पिड़ावा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा निवासी ओंकार सिंह और शंकर सिंह के यहां भी कार्रवाई की गई। वहीं सुनेल के केसरपुरा और घाटोली थाना क्षेत्र में भी संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। करोड़ों की संपत्ति और कृषि उपकरण बरामद पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37 लाख 35 हजार 300 रुपए नकद, 128 थ्रेशर मशीनें, 35 कल्टीवेटर, 25 ट्रॉलियां, तीन ट्रैक्टर, दो बोलेरो पिकअप, एक टाटा 407, एक अन्य वाहन, एक टेम्पो और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इसके अलावा छह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिनके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। दस्तावेजों से खुलेंगे कई राज तलाशी के दौरान पुलिस को लेन-देन की डायरियां, बही-खाते, हस्ताक्षरित खाली स्टांप पेपर, ब्लैंक चेक, चेकबुक, बैंक पासबुक और गिरवी रखे गए आभूषणों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। पुलिस अब इन रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की वित्तीय जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कितने लोगों को अवैध ब्याज के जाल में फंसाकर उनकी संपत्ति गिरवी रखवाई गई। जांच जारी, आगे भी होगी सख्त कार्रवाई सुनेल और घाटोली थाना क्षेत्रों में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। एसपी अमित कुमार ने आम नागरिकों और किसानों से अपील करते हुए कहा कि आर्थिक जरूरत पड़ने पर केवल अधिकृत बैंकिंग संस्थानों से ही ऋण लें। यदि कोई व्यक्ति धमकाकर, धोखे से या दबाव बनाकर खाली स्टांप, चेक या संपत्ति हड़पने का प्रयास करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध साहूकारी और आर्थिक शोषण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।